भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश में आरक्षक के 7,500 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने के बाद मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने अब पुलिस मुख्यालय के प्रस्ताव पर आरक्षक (चालक) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 के लिए भी आवेदन बुलाए हैं। इस भर्ती के तहत कुल 1,000 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।मंडल ने भर्ती के लिए विभागीय भर्ती नियम और परीक्षा संचालन संबंधी नियम पुस्तिका जारी कर दी है। भर्ती केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए होगी। इसमें एसएएफ के 200 और जिला पुलिस बल के 800 पद शामिल हैं।
15 अक्टूबर से शुरू होंगे आवेदन
मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल के अनुसार आरक्षक चालक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 29 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 3 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
भर्ती परीक्षा की संभावित शुरुआत 4 जनवरी 2027 से होगी। परीक्षा के लिए प्रथम और द्वितीय चरण निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचना होगा।
परीक्षा में बायोमेट्रिक सत्यापन जरूरी
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए प्रवेश-पत्र के साथ फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र लेकर जाना अनिवार्य होगा।मान्य पहचान पत्रों में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और पासपोर्ट सहित निर्धारित दस्तावेज शामिल हैं।
आधार कार्ड का UIDAI से वेरिफिकेशन जरूरी
नियम पुस्तिका के अनुसार अभ्यर्थी का आधार कार्ड UIDAI से सत्यापित होना जरूरी है। बायोमेट्रिक सत्यापन को देखते हुए अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान आधार से जुड़ी जानकारी सही रखने की सलाह दी गई है।
वैध ड्राइविंग लाइसेंस जरूरी
आरक्षक (चालक) पद के लिए अभ्यर्थी के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है। इसके अलावा भर्ती प्रक्रिया में चालक पद से संबंधित पात्रता और शारीरिक दक्षता की निर्धारित शर्तों को पूरा करना होगा।
1000 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती के जरिए पुलिस विभाग में कुल 1,000 आरक्षक चालक पद भरे जाएंगे। इनमें 200 पद एसएएफ और 800 पद जिला पुलिस बल के लिए निर्धारित हैं। आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण निर्देश कर्मचारी चयन मंडल की जारी नियम पुस्तिका के अनुसार लागू होंगे।