मध्यप्रदेश में पुलिस विभाग में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। पुलिस विभाग ने सब-इंस्पेक्टर (SI) और सूबेदार के 507 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जारी विज्ञापन के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू होकर 23 सितंबर 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले भर्ती की पात्रता और नियमों को अच्छी तरह जांचने की सलाह दी गई है।
28 अक्टूबर को दो पालियों में होगी परीक्षा
इन पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी।अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित समय, केंद्र और अन्य जरूरी निर्देशों की जानकारी विभाग की ओर से जारी प्रवेश पत्र और आधिकारिक निर्देशों के माध्यम से मिलेगी।
किस पद के लिए कितनी वैकेंसी?
भर्ती में अलग-अलग पदों के लिए पदों का विवरण इस प्रकार है:
उप निरीक्षक (जिला पुलिस बल): 312 पद
सूबेदार: 81 पद
उप निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल): 69 पद
अन्य तकनीकी शाखाएं: आर्म्स, फोटो, फिंगरप्रिंट समेत अन्य शाखाओं के पद
इस तरह कुल 507 पदों पर भर्ती की जाएगी।
आवेदन में संशोधन का भी मिलेगा मौका
अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन में सुधार करने का अवसर भी दिया गया है। विज्ञापन के अनुसार आवेदन में संशोधन की प्रक्रिया के लिए 28 सितंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है।इसलिए फॉर्म भरते समय नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता, श्रेणी और अन्य विवरण सावधानी से दर्ज करना जरूरी होगा।
SI और सूबेदार को मिलेगी इतनी सैलरी
विज्ञापन के अनुसार सब-इंस्पेक्टर और सूबेदार दोनों कैडर के पदों के लिए लेवल-9 के तहत वेतनमान निर्धारित किया गया है।इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को ₹36,200 से ₹1,14,800 तक का वेतनमान मिलेगा। इसके अलावा शासन के नियमानुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी देय होंगी।
MP Police SI भर्ती की आवेदन फीस कितनी है?
भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार अलग-अलग निर्धारित किया गया है।
अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को ₹500 परीक्षा शुल्क देना होगा, जबकि मध्य प्रदेश के निवासी OBC, SC, ST और EWS उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क ₹250 निर्धारित है।इसके अलावा कियोस्क के माध्यम से आवेदन करने पर ₹60 कियोस्क शुल्क और आवेदन पर ₹20 MP Online पोर्टल शुल्क भी लगेगा।
विभागीय उम्मीदवारों के लिए अलग फीस
इस भर्ती में विभागीय उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क अलग रखा गया है।
अनारक्षित विभागीय उम्मीदवार: ₹200
SC/ST/OBC/EWS विभागीय उम्मीदवार: ₹100
अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले अपनी श्रेणी के अनुसार लागू शुल्क की जानकारी जरूर जांचनी चाहिए।
विशेष सशस्त्र बल SI पद के लिए सिर्फ पुरुष उम्मीदवार पात्र
भर्ती नियमों के अनुसार उप निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल) पद के लिए केवल पुरुष उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे।वहीं अन्य पदों पर महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित आरक्षण का प्रावधान लागू रहेगा।
आवेदन से पहले पात्रता और दस्तावेज जरूर जांचें
अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने से पहले अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण श्रेणी, मूल निवास और अन्य जरूरी दस्तावेजों की पात्रता सुनिश्चित कर लेनी चाहिए।दस्तावेज सत्यापन के दौरान निर्धारित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। यदि किसी चरण में गलत जानकारी दी गई या अभ्यर्थी पात्रता मानदंड पूरा नहीं करता पाया गया, तो उसकी उम्मीदवारी निरस्त की जा सकती है।
कब क्या होगा?
प्रक्रिया तारीख
आवेदन शुरू 9 सितंबर 2026
आवेदन की अंतिम तारीख 23 सितंबर 2026
आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 28 सितंबर 2026
भर्ती परीक्षा 28 अक्टूबर 2026