भोपाल: मध्यप्रदेश के सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मिलने वाले भोजन का मेन्यू बदलने जा रहा है। अब बच्चों की थाली में हरी और गुलाबी रोटियों के साथ अलग-अलग अंचलों के पारंपरिक व्यंजन भी परोसे जाएंगे। सप्ताह में कम से कम एक दिन क्षेत्रीय पारंपरिक भोजन देना अनिवार्य होगा। इसके लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की नई मार्गदर्शिका जारी की है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने भी इसी के अनुरूप निर्देश दिए हैं।
मिड-डे मील में शामिल होंगे अलग-अलग अंचलों के पारंपरिक व्यंजन
नई व्यवस्था के तहत मध्यप्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की खान-पान परंपराओं को बच्चों के भोजन में शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों को स्थानीय खाद्य पदार्थों के माध्यम से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है।क्षेत्र के हिसाब से भोजन का मेन्यू तैयार किया जाएगा। इसमें मालवा, निमाड़, महाकौशल, विंध्य, बुंदेलखंड, ग्वालियर-चंबल और जनजातीय अंचलों के पारंपरिक व्यंजनों को प्राथमिकता दी जाएगी।
मालवा से लेकर बुंदेलखंड तक मिलेगा स्थानीय स्वाद
नई मार्गदर्शिका में अलग-अलग क्षेत्रों के लिए पारंपरिक व्यंजनों का प्रावधान किया गया है।
- मालवा: भुट्टे का कीस, दाल-बाफला, सेव-टमाटर की सब्जी, दलिया, दाल-पानिया और मक्का-ज्वार की भाकरी।
- इंदौर-महाकौशल: कोदो-कुटकी से बने व्यंजन।
- विंध्य-बुंदेलखंड: बेसन के चीले और महेरी।
- ग्वालियर-चंबल: बाजरे की राबड़ी।
- जनजातीय क्षेत्र: महुआ-अलसी के लड्डू, कोदो-कुटकी की खीर और खिचड़ी।
इस व्यवस्था से बच्चों को स्थानीय अनाज और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।
हरी और गुलाबी रोटी से बढ़ेगी भोजन की पौष्टिकता
नई व्यवस्था की खास बात यह है कि बच्चों को मिलने वाली रोटी के रंग और पोषण दोनों में बदलाव देखने को मिलेगा।
- हरी रोटी: मुनगा यानी सहजन की पत्तियों को सुखाकर पाउडर बनाया जाएगा। इसे आटे में मिलाकर हरी रोटी तैयार की जाएगी।
- गुलाबी रोटी: गाजर और चुकंदर मिलाकर रोटी बनाई जाएगी, जिससे उसका रंग गुलाबी दिखाई देगा।
- पौष्टिक खिचड़ी: मुनगा पाउडर को दाल और खिचड़ी में भी मिलाया जाएगा।
इस तरह स्थानीय हरी सब्जियों और पौष्टिक खाद्य पदार्थों को बच्चों के रोजाना के भोजन का हिस्सा बनाया जाएगा।
हरा चना, बरबटी और सोया बड़ी भी होंगे मेन्यू में शामिल
बच्चों को मिलने वाले भोजन में सिर्फ रोटी और पारंपरिक व्यंजन ही नहीं, बल्कि कई पौष्टिक खाद्य पदार्थ भी शामिल किए जाएंगे।इसमें सेम, बरबटी, हरा चना, मूंग दाल और सोया बड़ी जैसे खाद्य पदार्थों को जगह दी जाएगी। इनसे बच्चों को भोजन में विविधता के साथ पोषण भी मिल सकेगा।
बच्चों और अभिभावकों की पसंद से तैयार होगा मेन्यू
नई मार्गदर्शिका में भोजन तैयार करने की प्रक्रिया में स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावकों और विद्यार्थियों की भागीदारी पर भी जोर दिया गया है।भोजन का मेन्यू तय करने से पहले बच्चों और अभिभावकों से उनकी पसंद के बारे में जानकारी ली जाएगी। इससे स्थानीय खान-पान और बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए भोजन की व्यवस्था की जा सकेगी।
आंगनबाड़ी केंद्रों में भी लागू होंगे नए निर्देश
सरकारी स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में दिए जाने वाले भोजन को भी नई व्यवस्था के अनुरूप तैयार किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग ने भी इसके लिए निर्देश जारी किए हैं।नई व्यवस्था लागू होने के बाद बच्चों की थाली में स्थानीय अनाज, हरी सब्जियां और पारंपरिक व्यंजनों की विविधता देखने को मिलेगी।