भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा होने पर मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए इसे भारतीय लोकतंत्र का ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक राजनीतिक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास, समर्थन और स्नेह का प्रतीक है। लगातार तीन बार जनादेश प्राप्त कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं के अनुरूप देश का नेतृत्व किया है।
‘जनादेश से जनविश्वास, जनविश्वास से विकास और विकास से विकसित भारत तक’
राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने जनादेश से जनविश्वास, जनविश्वास से विकास और विकास से विकसित भारत की यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम के संकल्प और मां भारती की सेवा के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। उन्होंने कामना की कि प्रधानमंत्री मोदी का यह पुरुषार्थ और नेतृत्व आने वाले वर्षों में भी भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाता रहे।
भारतीय लोकतंत्र में बना नया कीर्तिमान
मंत्री ने कहा कि देश के लोकतांत्रिक इतिहास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। लगातार तीन बार जनता का विश्वास हासिल करना और सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देना उनके प्रति जनता के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भी किया अभिनंदन
राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन किया। उन्होंने इसे लोकतंत्र की शक्ति और 140 करोड़ भारतीयों के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व आज भारत को आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर कर रहा है।
पीएम मोदी के 12 साल: कई बड़े फैसलों और उपलब्धियों का दौर
गौरतलब है कि वर्ष 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने लगातार तीन कार्यकाल पूरे किए हैं। इस दौरान डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आत्मनिर्भर भारत अभियान और राम मंदिर निर्माण जैसे कई बड़े फैसले और योजनाएं देश की राजनीति और विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनीं।