भोपाल: मध्यप्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश में पिछले दो दिनों से आंधी और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिन यानी 2 नवंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को ग्वालियर, जबलपुर समेत 33 जिलों में तेज आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते गुरुवार को दिन के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। वहीं, पचमढ़ी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।
33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के 33 जिलों में आंधी और हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें शामिल हैं राजगढ़, विदिशा, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी।इन जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।
इन जिलों में निकलेगी धूप
प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश के बजाय मौसम साफ रहने और धूप निकलने के आसार हैं। इनमें भोपाल, रायसेन, सीहोर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, नर्मदापुरम, हरदा, शाजापुर, देवास, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर शामिल हैं।
बारिश से फसलों को नुकसान, मंडी में भीगा मक्का
प्रदेश में हो रही बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। कई जगह खेतों में खड़ी फसलों और मंडियों में खुले में रखी उपज को नुकसान होने की आशंका है।गुरुवार को पांढुर्णा की कृषि मंडी में खुले में रखे मक्के के ढेर बारिश में भीग गए। इससे हजारों क्विंटल मक्का खराब होने की आशंका जताई जा रही है।छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में धान की फसल अभी खेतों में खड़ी है। ऐसे में बारिश के कारण धान के दानों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।रायसेन के दशहरा मैदान में करीब 200 ट्रॉलियों में धान लेकर पहुंचे किसानों को भी बारिश के बीच अपनी उपज बचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।गुरुवार को भोपाल, सागर, सिंगरौली, पांढुर्णा, मैहर, दमोह, सीहोर और नर्मदापुरम समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई।
पचमढ़ी में रात का तापमान 15.2 डिग्री
आंधी और बारिश के कारण प्रदेश में ठंडक बढ़ने लगी है। गुरुवार को कई शहरों में दिन के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।बीती रात पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अन्य शहरों का न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा
पचमढ़ी: 15.2 डिग्री
नौगांव: 15.6 डिग्री
अमरकंटक: 16.1 डिग्री
खरगोन: 17 डिग्री
दमोह: 17 डिग्री
धार: 17.1 डिग्री