लखनऊ: उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने अपनी चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचेंगे। वह डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करेंगे। बैठक में संगठन की मजबूती, सरकार के कामकाज और आगामी विधानसभा चुनाव के एजेंडे पर चर्चा होगी। वहीं, समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। पार्टी इस बैठक के जरिए लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की रणनीति पर मंथन करेगी।
2027 चुनाव के लिए बनेगा जीत का रोडमैप
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक तीन सत्रों में आयोजित होगी। दूसरे सत्र में राजनीतिक एजेंडे, चुनावी तैयारियों और आगामी विधानसभा चुनाव के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ उन क्षेत्रों और बूथों पर विशेष ध्यान देने की रणनीति बनाई जाएगी, जहां पार्टी को अपनी स्थिति मजबूत करने की जरूरत है।राजनीतिक प्रस्ताव के जरिए केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन, गरीब कल्याण और सरकार के प्रमुख फैसलों को सामने रखा जाएगा। चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं तक चुनावी संदेश पहुंचाने के लिहाज से इस बैठक को अहम माना जा रहा है।
तैयारियों को अंतिम रूप, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और प्रदेश सह-प्रभारी मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा व प्रदीप वर्मा मौजूद रहे।बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं और राजनीतिक एजेंडे को अंतिम रूप दिया गया।प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी को जहां कमजोर, वहां ज्यादा जोर के मंत्र पर काम करना है। उन्होंने पंजीकरण, भोजन, यातायात और सजावट समेत सभी व्यवस्थाओं के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कीं।वहीं, धर्मपाल सिंह ने आयोजन को अनुशासित और व्यवस्थित बनाने के लिए माइक्रो मैनेजमेंट और टीमवर्क पर जोर दिया।
जिला स्तर तक के पदाधिकारी होंगे शामिल
भाजपा की इस प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं के साथ जिला स्तर तक के पदाधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में शामिल होने वाले प्रमुख नेताओं में
प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े
प्रदेश सह-प्रभारी जगदीश पटेल
मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक
प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह
इसके अलावा विधायक, एमएलसी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी भी बैठक में शामिल होंगे।
लखनऊ में करीब 4 घंटे रहेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का लखनऊ दौरा करीब चार घंटे का रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, वह सुबह 11 बजे चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पहुंचेंगे।एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत प्रदेश सरकार के मंत्री और भाजपा नेता उनका स्वागत करेंगे।इसके बाद अमित शाह लोहिया विधि विश्वविद्यालय पहुंचकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करेंगे। बैठक में शामिल होने के बाद वह दोपहर करीब 3 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
सहयोगी दलों से बातचीत पर भी नजर
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा के संगठनात्मक मंथन के बीच सहयोगी दलों के साथ तालमेल का मुद्दा भी महत्वपूर्ण है।ऐसे में अमित शाह के लखनऊ दौरे के दौरान सहयोगी दलों से बातचीत होती है या नहीं, इस पर भी राजनीतिक नजरें रहेंगी।