लखनऊ: उत्तरप्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में हुई तेज बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई जगहों पर तेज हवाओं, गरज-चमक और मेघगर्जन के साथ मूसलाधार बारिश हुई। रातभर भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार 30 अक्टूबर को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी यूपी में मेरठ-सहारनपुर समेत 8 जिलों में ओले गिरने का अलर्ट है, जबकि पूर्वांचल के कई जिलों में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
यूपी में आज बहुत भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।वहीं, पूर्वांचल के ज्यादातर हिस्सों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की भी संभावना है।
इन जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।
इनमें बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर शामिल हैं। यहां गरज-चमक के साथ कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।इसके अलावा लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में भी तेज हवाओं, बिजली गिरने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मेरठ-सहारनपुर समेत 8 जिलों में गिरेंगे ओले
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन 8 जिलों में आंधी-तूफान के साथ ओले गिर सकते हैं
सहारनपुर
शामली
मुजफ्फरनगर
बिजनौर
मेरठ
बागपत
मुरादाबाद
रामपुर
इन जिलों में तेज हवाओं और बारिश के साथ मौसम खराब रहने की आशंका है।
लखनऊ-नोएडा समेत इन जिलों में भी बारिश के आसार
प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई अन्य जिलों में भी शुक्रवार को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।इनमें रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, जौनपुर, गाजीपुर, उन्नाव, हरदोई, कन्नौज, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, अलीगढ़, बुलंदशहर, संभल, नोएडा, गाजियाबाद और हापुड़ शामिल हैं।
इन इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
31 अक्टूबर को भी होगी बारिश, 1 नवंबर से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अक्टूबर को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि, 1 नवंबर से बारिश की रफ्तार धीमी होने लगेगी।इस दौरान पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि पूर्वांचल में एक या दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 नवंबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।
अगले 24 घंटे में 5 डिग्री तक गिरेगा तापमान
लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण उत्तरप्रदेश के तापमान में तेजी से बदलाव आया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक गिरावट होने की संभावना है।इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे इतनी ही बढ़ोतरी हो सकती है। बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।