रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद कर्मचारियों और पेंशनरों को 1 नवंबर 2026 से 60 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता और महंगाई राहत मिलेगी। अभी यह दर 58 प्रतिशत है।
5.35 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को होगा लाभ
राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारियों और 1 लाख 50 हजार पेंशनरों को फायदा मिलेगा। महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में वृद्धि से उन्हें हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता बढ़ जाएगी।
सरकार पर 432 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार
महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर लगभग 36 करोड़ रुपये का अतिरिक्त मासिक वित्तीय भार आएगा। वहीं, सालाना आधार पर यह भार करीब 432 करोड़ रुपये होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कर्मचारियों के हित में फैसला
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उनकी सरकार शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील है। दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय उन्हें आर्थिक राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फैसले से कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक मदद मिलेगी। साथ ही, उनके परिवारों में दीपावली के त्योहार की खुशियां और उल्लास भी बढ़ेगा।