महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) को जान से मारने की धमकी मिली है। एक शख्स ने महाराष्ट्र पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर कहा कि वह एकनाथ शिंदे को उड़ा देगा। इसके बाद उसने कॉल कट कर दिया। महाराष्ट्र पुलिस विभाग को 112 नंबर पर सोमवार (10 अप्रैल) देर शाम एक कॉल मिली थी। फोन करने वाले ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को उड़ाने की धमकी दी।
शराब के नशे में किया था कॉल
सीएम (Eknath Shinde) को धमकी भरे कॉल के बाद पुलिस हरकत में आई और फोन करने वाले की लोकेशन ट्रैक कर ली। इसके बाद कॉल करने वाले को पुणे पुलिस ने पकड़ लिया। कॉलर मुंबई के धारावी इलाके का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान पता चला कि कॉलर ने जब फोन किया तो वह शराब के नशे में था।
पुलिस ने कॉलर को किया गिरफ्तार
मुख्यमंत्री (Eknath Shinde) को धमकी देने वाले शख्स का नाम राजेश आगावने है। उसे पुणे के वारजे इलाके से हिरासत में लिया गया। राजेश के कॉल करने के बाद से उसकी तलाश महाराष्ट्र एटीएस और मुंबई क्राइम ब्रांच भी कर रही थी। मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम रात में धारावी स्थित उसके घर पर भी गई थी लेकिन कॉलर वहां नहीं मिला। पुलिस को उसकी लोकेशन पुणे में मिली, जिसके बाद पुणे पुलिस और नागपुर एटीएस की टीम ने उसे वहां से हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
Comments (0)