उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना के सीनियर नेता संजय राउत ने एक बार फिर महायुति पर निशाना साधा है। राउत ने महायुति सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को मुंबई के बजाय नागपुर में आयोजित करने के फैसले पर टिप्पणी की है। संजय राउत ने तंज कसते कहा कि, उन्हें आरएसएस मुख्यालय के सामने ईवीएम का मंदिर बनाना चाहिए।
RSS मुख्यालय के सामने EVM का मंदिर बनाना चाहिए
पत्रकारों के द्वारा यह पूछे जाने पर कि, मंत्रिमंडल का विस्तार मुंबई के बजाय नागपुर में क्यों किया जा रहा है, इस पर उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना के सीनियर नेता संजय राउत ने कहा कि, सबसे पहले मुख्यमंत्री का जुलूस नागपुर में निकाला जाएगा। मेरा मानना है कि, मुख्यमंत्री का जुलूस निकालने से पहले उन्हें ईवीएम का जुलूस निकालना चाहिए और पहले मंत्रिमंडल में आरएसएस मुख्यालय के सामने ईवीएम का मंदिर बनाने का निर्णय लेना चाहिए।
यह सरकार ईवीएम से बनी है
महायुति के पास बहुमत होने के बावजूद सरकार गठन में देरी की आलोचना करते हुए संजय राउत ने कहा कि, इस प्रदेश में नई सरकार बने एक महीना हो गया है लेकिन यह पता नहीं है कि, किसके पास कौन सा विभाग है। शिवसेना नेता ने कहा कि, महाराष्ट्र के हर गांव में हर दिन हत्याएं और बलात्कार हो रहे हैं, सीएम इसका जवाब नहीं दे पा रहे हैं। इसके साथ ही राउत ने आगे महाराष्ट्र में हत्या और बलात्कार जैसे अपराधों में बढ़ोतरी पर अपनी चिंता व्यक्त की और सीएम पर इन मुद्दों को संबोधित करने में असमर्थ होने का आरोप लगाया। शिवसेना ( UBT ) के नेता ने कहा कि, यह सरकार ईवीएम से बनी है, उनके पास दिमाग नहीं है, उनके दिमाग में ईवीएम है।
नागपुर में होगा मंत्रिमंडल विस्तार
आपको बता दें कि, महाराष्ट्र विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होने से ठीक एक दिन पहले बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार कल यानी की रविवार दोपहर नागपुर के राजभवन में होने वाला है। दरअसल, दोपहर 3 बजे शुरू होने वाला यह समारोह महत्वपूर्ण है क्योंकि यह 1991 के बाद नागपुर में पहला मंत्रिमंडल विस्तार होगा, जो महाराष्ट्र के राजनीतिक परिदृश्य में विदर्भ के बढ़ते प्रभाव पर जोर देगा।
Comments (0)