गाजियाबाद में सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि, प्रथम चरण का चुनाव होने जा रहा है। इस बार बीजेपी को गाजियाबाद से गाजीपुर तक इंडिया गठबंधन सफाया करने जा रहा है। सपा नेता ने कहा कि, बीजेपी भ्रष्टाचारियों का गोदाम बन गया है। जो डबल इंजन सरकार का दावा कर रहे हैं, अब वह होर्डिंग में अकेले नजर आ रहे हैं। लूट और झूठ भाजपा का नारा बन गया है। आने वाले चुनाव में देश की जनता परिवर्तन चाहती है।
चुनावी बॉन्ड ने BJP का बैंड बजा दिया
सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगे कहा कि, भारतीय जता पार्टी की हर बात झूठी निकली, उनके वादे झूठे निकले, ना किसान की आय दोगुनी हुई, ना नौजवानों को रोजगार प्राप्त हुआ। विकास के जो सपने दिखाए थे वे भी अधूरे हैं। इनका जो नैतिकता का बुलबुला था वे भी टूट गया। चुनावी बॉन्ड ने इनका बैंड बजा दिया।
BJP-RSS लोकतंत्र एवं संविधान को खत्म करना चाहती है
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि, ये चुनाव विचारधारा का चुनाव है। एक ओर भारतीय जनता पार्टी एवं RSS लोकतंत्र एवं संविधान को खत्म करने का प्रयास रहा है, दूसरी ओर इंडिया गठबंधन और कांग्रेस बचाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि, इस समय देश के चुनाव में तीन बड़े मुद्दे हैं। इसमें बेरोजगारी, महंगाई और भागेदारी सम्मिलित है।
पीएम भ्रष्टाचार के चैम्पियन हैं
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा है कि, पीएम कितने भी सफाई दे दें, किन्तु इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। सबको पता है, पूरा देश जानता है कि, पीएम भ्रष्टाचार के चैम्पियन हैं। भाजपा 150 सीटों पर सिमट जाएगी। वहीं राहुल गांधी ने अमेठी से चुनाव लड़ने के सवाल पर न नहीं बोला है। राहुल का कहना है कि, कांग्रेस जो कहेगी वो करेंगे।
पीएम मोदी के एक इंटरव्यू का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि, पीएम ने इसमें चुनावी बॉन्ड को समझाने का प्रयास किया। पीएम कहते हैं कि, चुनावी बॉन्ड की व्यवस्था पारदर्शिता के लिए, राजनीति को साफ करने के लिए लाया गया। अगर ये सच है तो सर्वोच्च न्यायालय ने उस व्यवस्था को क्यों रद्द कर दिया और दूसरी बात यदि आप पारदर्शिता लाना चाहते थे तो आपने बीजेपी को पैसा देने वालों के नाम क्यों छुपाए। आपने उन तारीखों को क्यों छुपाया जिस दिन उन्होंने आपको पैसे दिए थे? यह दुनिया की सबसे बड़ी जबरन वसूली योजना है।
Comments (0)