रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में संविधान पर चर्चा के दौरान विपक्ष को करारा जवाब दिया है। राजनाथ सिंह ने पहले संविधान को अपनाने के 75 साल पूरे होने के मौके पर देशवासियों को बधाई दी और उसके बाद कांग्रेस पर बारी-बारी से हमला किया।
राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
बीजेपी सांसद राजनाथ सिंह ने बिना नाम लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि, आज विपक्ष के कई नेता संविधान की प्रति अपनी जेब में रखकर घूमते हैं। असल में उन्होंने बचपन से ही यही सीखा है। रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि, उन्होंने ( राहुल गांधी ) पीढ़ियों से अपने परिवार में संविधान को जेब में ही रखे देखा है। लेकिन बीजेपी संविधान को सर माथे पर लगाती है।
संविधान स्वाधीनता संग्राम के हवन कुंड से निकला अमृत है
रक्षा मंत्री ने इस दौरान यह भी कहा कि, हमारा संविधान स्वाधीनता संग्राम के हवन कुंड से निकला अमृत है। हमारा संविधान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से सिंचित हमारा स्वाभिमान है। हमारा संविधान सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक जीवन के सभी पहलुओं को छूते हुए राष्ट्र-निर्माण का मार्ग प्रशस्त करता है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि, हमारी सरकार भारत के संविधान में निहित धर्म और न्याय की भावना के अनुरूप कार्य कर रही है।
कांग्रेस पर राजनाथ सिंह ने बोला हमला
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए बीजेपी नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि, पिछले कुछ सालों में देश में एक ऐसा माहौल बनाने का प्रयास किया गया है कि, संविधान एक पार्टी विशेष की देन है। संविधान निर्माण में बहुत से लोगों की भूमिका को जानबूझ कर नकार दिया गया है। जबकि हमारा संविधान सांस्कृतिक मूल्यों का एक्सप्रेशन है। इसके साथ ही रक्षामंत्री ने आगे संसद में कहा कि, एक पार्टी विशेष की ओर से संविधान निर्माण के काम को हाइजैक और एप्रोप्रियेट करने की कोशिश हमेशा से की गई है। बीजेपी नेता ने कहा कि, मुझे इस बात का गर्व है कि, पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार 'सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास और सबका प्रयास' की भावना के साथ काम कर रही है।
Comments (0)