अहमदाबाद हादसे के बाद डीजीसीए ने विमानन सुरक्षा को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। डीजीसीए ने एअर इंडिया को डिवीजनल वाइस प्रेसिडेंट समेत अपने तीन अधिकारियों को चालक दल (क्रू) की समय-सारणी और रोस्टरिंग से संबंधित सभीभूमिकाओं और जिम्मेदारियों से हटाने का आदेश दिया है।
नागरिक विमानन महानिदेशालय ने 20 जून को अपने आदेश में एअर इंडिया को इन अधिकारियों के खिलाफ अविलंब अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने को भी कहा। डीजीसीए के आदेश के अनुसार तीन अधिकारियों में एयरलाइन का एक डिवीजनल वाइस प्रेसिडेंट भी शामिल है। डीजीसीए ने एअर इंडिया से 10 दिन में रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
क्रू शेड्यूलिंग में बरती गई लापरवाही
डीजीसीए ने अपने आदेश में कहा कि लाइसेंसिंग, आराम औरनवीनता आवश्यकताओं में चूक के बावजूद उड़ान चालक दल के शेड्यूल औरसंचालन में एअर इंडिया ने बार-बार लापरवाही बरती। इस लापरवाही का पता ARMS से CAE उड़ान और चालक दल प्रबंधन प्रणाली में परिवर्तन के बाद की समीक्षाके दौरान चला। एआरएमएस (एयर रूट मैनेजमेंट सिस्टम) एक सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्महै जिसका उपयोग एयरलाइन द्वारा विभिन्न परिचालन और प्रबंधन कार्यों के लिएकिया जाता है। इसमें चालक दल की रोस्टरिंग और उड़ान योजना आदि शामिल हैं।
डीजीसीए के आदेश में कहा गया है कि समीक्षा के दौरान हुएखुलासे चालक दल की समय-सारणी, अनुपालन निगरानी और आंतरिक जवाबदेही में विफलता की ओर इशारा करते हैं। लापरवाही के बाद भी जिम्मेदार प्रमुख अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारी अनधिकृत और गैर-अनुपालन चालक दल की जोड़ी, अनिवार्य लाइसेंसिंग, नवीनता मानदंडों का उल्लंघन और समय-निर्धारण प्रोटोकॉल, निरीक्षण में विफलता समेत गंभीर चूकों में शामिल रहे हैं।