मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच एतिहाद एयरवेज की उड़ान EY-262 शनिवार को सुरक्षित रूप से केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतर गई। यह फ्लाइट अबू धाबी से बेंगलुरु आ रही थी। फ्लाइट से आए भारतीय यात्रियों ने बताया कि क्षेत्र में तनाव के बावजूद संयुक्त अरब अमीरात में फिलहाल हालात सामान्य बने हुए हैं।
यूएई में स्थिति अभी स्थिर
अबू धाबी से लौटे यात्रियों के मुताबिक कुवैत और बहरीन की तुलना में यूएई में हालात अपेक्षाकृत शांत हैं। वहां रोजमर्रा की गतिविधियां और कामकाज सामान्य रूप से जारी हैं और किसी बड़े व्यवधान की स्थिति नहीं है।
सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों का खंडन
एक यात्री ने भारतीय मीडिया और सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को गलत बताया, जिनमें दुबई के प्रमुख स्थलों पर हमले का दावा किया गया था। उन्होंने कहा कि Burj Khalifa पर हमले या बड़े नुकसान की खबरें पूरी तरह अफवाह हैं और लोगों को ऐसी खबरों पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील
एक अन्य यात्री ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही फर्जी खबरों से बचने और केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की। उन्होंने बताया कि दुबई और अबू धाबी की सरकारें नियमित रूप से अपडेट जारी कर रही हैं और फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
कामकाज सामान्य, लेकिन चिंता बनी
अबू धाबी से लौटे एक यात्री ने बताया कि वहां लोगों के मन में कुछ चिंता जरूर है, लेकिन सरकार सहयोग कर रही है और कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों का काम भी सामान्य तरीके से जारी है और फिलहाल हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।
Comments (0)