लोकसभा में संविधान पर चर्चा का आज दूसरा दिन है। पीएम नरेंद्र मोदी का आज शाम संबोधन होगा। राहुल गांधी भी चर्चा में शामिल हो सकते हैं। लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता सदन में अपनी बात रखेंगे। शाम में पीएम मोदी लोकसभा में चर्चा पर जवाब देंगे। विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी आज सदन में अपनी बात रख सकते हैं।
पहले दिन भी हुई संविधान पर चर्चा
लोकसभा में पहले दिन संविधान पर चर्चा की शुरुआत केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की थी। विपक्ष की तरफ से प्रियंका गांधी ने इसका जवाब दिया। राजनाथ सिंह ने करीब एक घंटे से ज्यादा वक्त तक भाषण दिया। इसके बाद प्रियंका गांधी का संबोधन हुआ। संसद में प्रियंका गांधी का यह पहला भाषण था। प्रियंका गांधी ने राजनाथ सिंह के हर एक बयान का जवाब दिया।
इन लोगों ने लिया संविधान पर चर्चा में भाग
एनडीए की तरफ से जगदंबिका पाल, अभिजीत गंगोपाध्याय, जेडीयू के राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, लोजपा रामविलास के शांभवी चौधरी समेत कई अन्य सांसदों ने अपने-अपने विचार रखे। उधर, विपक्ष की तरफ से प्रियंका के अलावा सपा से अखिलेश यादव, टीएमसी से महुआ मोइत्रा, डीएमके टीआर बालू, शिवसेना उद्धव गुट से अरविंद सावंत समेत अन्य सांसदों ने इसमें हिस्सा लिया।
हंगामेदार रहा पहला दिन
कुल मिलाकर संविधान पर चर्चा का पहला दिन हंगामेदार रहा। कई मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोक हुई। पहली बार सांसद बनीं प्रियंका गांधी ने लोकसभा में अपनी बात रखी। उनके पहले भाषण में एक्शन, इमोशन और एग्रेशन तीनों दिखा। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाषण का ज्यादातर हिस्सा यूपी के संदर्भ में था। उन्होंने ईडी की रेड और जाति जनगणना पर अपनी बात रखी।
Comments (0)