आंध्र प्रदेश के प्रकाशम (मारकापुरम) जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। रायवरम के पास एक प्राइवेट ट्रैवल बस और डंपर की आमने-सामने टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई। हादसे में करीब 14 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि लगभग 20 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सुबह 6 बजे के आसपास हुआ हादसा
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। हरिकृष्णा ट्रैवल्स की बस तेलंगाना के निर्मल से नेल्लोर जा रही थी। रायवरम के पास खदान क्षेत्र में मोड़ पर सामने से आ रहे बजरी से लदे डंपर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद बस बनी आग का गोला
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही सेकंड में उसमें आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई।
यात्रियों को नहीं मिला बचने का मौका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई यात्री उस समय सो रहे थे और अचानक हुए हादसे से संभल नहीं पाए। बस के पिछले हिस्से में बैठे लोग आग और धुएं में फंस गए, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। कई लोगों की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई।
तीन घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने में करीब तीन घंटे का समय लगा। तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
मलबे में और शव फंसे होने की आशंका
पुलिस के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ शव अभी भी जले हुए ढांचे में फंसे हो सकते हैं। रेस्क्यू टीम मलबा हटाकर जांच कर रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल हुए लोगों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।