प्रशासनिक अधिकारियों पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह के बयान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने ऊना में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हिमाचल में जब से कांग्रेस सरकार आई है, कानून व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि जहां राजनीतिज्ञों, कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच तालमेल होना चाहिए, वहां तालमेल कम और तनाव ज्यादा दिखाई दे रहा है।
हिमाचल में मंत्री उठा रहे अपनी सरकार पर सवाल
पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार के कामकाज पर बड़े प्रश्नचिन्ह सरकार के अपने ही मंत्री खड़े कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह बढ़ता तनाव कांग्रेस और इस सरकार के लिए किसी बड़े बिखराव की ओर इशारा करता है? क्या इससे प्रदेश में रुके हुए काम और ठप होंगे और हिमाचल को और बड़े कर्ज में डुबोया जाएगा? क्या यह तनाव मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच इसी कदर बढ़ता रहेगा?
इतना बिखरा हुआ कुनबा आज तक किसी सरकार में नहीं दिखा
उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति ऐसी है कि एक मंत्री सिस्टम पर सवाल उठाता है, दूसरा उसे काउंटर करता है और तीसरा मंत्री पहले वाले का समर्थन करता है। मुख्यमंत्री का बयान कुछ और होता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि इतना बिखरा हुआ कुनबा आज तक किसी सरकार में नहीं देखा गया।
Comments (0)