भोपाल। मध्यप्रदेश में आदिवासी समाज को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रदेश का पहला बैगा महोत्सव बालाघाट में आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन मार्च के अंतिम सप्ताह या अप्रैल के पहले सप्ताह में जिला मुख्यालय या आसपास के क्षेत्र में होने की संभावना है। इस महोत्सव में आदिवासी समाज से जुड़े केंद्रीय और राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग भी शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
नक्सल खात्मे के बाद पहला बड़ा आयोजन
प्रदेश सरकार नक्सल गतिविधियों के खात्मे के बाद यह पहला बड़ा आयोजन कर रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव की पहल पर बैगा महोत्सव की कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सामने प्रस्तुत किया गया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा जताई है। बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मार्च-अप्रैल तक का समय दिया था, लेकिन मध्यप्रदेश पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तय समय से पहले ही बड़ी सफलता हासिल करते हुए कई नक्सलियों को मार गिराया और कई ने आत्मसमर्पण भी किया।
आदिवासी क्षेत्रों को मिल सकती हैं बड़ी सौगातें
बैगा महोत्सव के दौरान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए कई विकास योजनाओं की घोषणा की जा सकती है। खासतौर पर बालाघाट और मंडला जैसे जिलों के लिए अलग रोडमैप तैयार किया गया है, जहां लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों के कारण विकास कार्य प्रभावित रहे। सरकार का उद्देश्य आदिवासी समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और इन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। हालांकि नक्सलियों के खिलाफ अभियान अभी समाप्त नहीं किया गया है और क्षेत्र में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
Comments (0)