नई दिल्ली - लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक बार फिर विदेश यात्रा पर गए हैं, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने उन पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता राहुल गांधी की विदेश यात्राओं और उनके खर्च को लेकर कई सवाल उठाए हैं।
22 सालों में राहुल गांधी 54 बार विदेश दौरे पर गए
नई दिल्ली में प्रेस वार्ता के दौरान संबित पात्रा ने दावा किया कि राहुल गांधी पिछले 22 वर्षों में 54 बार निजी विदेश दौरों पर जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि ये यात्राएं सार्वजनिक हैं, लेकिन इनकी फंडिंग को लेकर कभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की हर विदेश यात्रा में 3 से 4 लोग उनके साथ जाते हैं और इन दौरों पर भारी खर्च होता है। भाजपा नेता ने दावा किया कि राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर कुल करीब 60 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
संबित पात्रा ने उठाए खर्च और फंडिंग पर सवाल
संबित पात्रा ने कहा कि उनके पास वर्ष 2013-14 से 2022-23 तक की आय से जुड़ी जानकारी है, जिसके अनुसार राहुल गांधी की कुल आमदनी लगभग 11 करोड़ रुपये रही। पात्रा ने सवाल उठाते हुए कहा कि, 11 करोड़ की आमदनी में 60 करोड़ रुपये का खर्च कैसे किया गया? भाजपा ने कांग्रेस से इन यात्राओं की फंडिंग और खर्च का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है। हालांकि, कांग्रेस पार्टी की ओर से इस मुद्दे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।