आज 1 फरवरी 2026 को जनता की उम्मीदों का बजट पेश किया जाएगा। जब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में बजट भाषण शुरू करेंगी, करोड़ों लोगों को उम्मीद होगी कि इस बार बजट में उनके लिए राहत की घोषणा होगी। मिडिल क्लास को महंगाई से राहत, व्यापारियों को टैक्स में राहत, युवाओं को रोजगार और सीनियर सिटीजन को सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 9वीं बार आम बजट पेश कर एक नया रिकॉर्ड अपने नाम करेंगी। वे 9वीं बार बजट पेश करने वाली पहली महिला वित्त मंत्री होंगी। पिछले 4 सालों की तरह इस साल भी बजट पूरी तरह पेपरलेस होगा।
इतिहास में पहली बार रविवार को बजट पेश
स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार केंद्रीय बजट रविवार को पेश किया जाएगा। सुबह 10:15 बजे केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक होगी, जिसमें आम बजट को मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद वित्त मंत्री राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बजट पेश करने की जानकारी देंगी। 11 बजे से संसद में बजट भाषण की शुरुआत होगी।
शिक्षा और रोजगार की उम्मीदें
शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में लोगों की मांग है कि नामांकन बढ़ाने के बजाय क्वालिटी-बेस्ड एजुकेशन पर ध्यान दिया जाए। AI, डिजिटल और स्किल-बेस्ड लर्निंग को सरकारी और प्राइवेट स्कूल-कॉलेजों में शामिल किया जाना चाहिए। ऑनलाइन एजुकेशन को बढ़ावा दिया जाना चाहिए और स्किल-बेस्ड टीचर्स की भर्ती होनी चाहिए। इसके साथ ही सरकारी और प्राइवेट संस्थानों में छात्रों के लिए अधिक रोजगार के अवसर प्रदान किए जाने चाहिए।
किसानों की उम्मीदें
किसानों की नजरें पीएम किसान सम्मान निधि योजना पर हैं। बजट में इसकी राशि 6 हजार रुपये की जगह 12 हजार रुपये किए जाने की उम्मीद है। इससे बढ़ती महंगाई के बीच किसानों को आर्थिक मदद मिलेगी।दलहन, तिलहन, खरीफ और रबी फसलों की MSP बढ़ाने की मांग है। फसल बीमा योजना का प्रीमियम कम होना चाहिए और फसलों के भंडारण के लिए बेहतर व्यवस्था की जानी चाहिए। साथ ही खाद की कीमतें कम करने की भी उम्मीद है।
आम आदमी को महंगाई से राहत की उम्मीद
मिडिल क्लास और आम आदमी चाहते हैं कि बजट महंगाई से राहत देने वाला हो। महंगाई कम होने से उनकी मूलभूत जरूरतें आसानी से पूरी होंगी। इसके साथ ही GST में और सुधार की मांग की जा रही है, ताकि टैक्स का बोझ कम हो और आम आदमी को फायदा मिल सके।
Comments (0)