नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया है। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों और अभिभावकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। छात्र अब अपना स्कोरकार्ड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर जाकर आसानी से चेक और डाउनलोड कर सकते हैं। इस बार बोर्ड परीक्षा में कुल 85.20% छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। हालांकि पिछले साल की तुलना में पास प्रतिशत में करीब 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। रिजल्ट जारी होने के साथ ही छात्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
इन वेबसाइट्स और ऐप पर देखें रिजल्ट
छात्र अपना रिजल्ट नीचे दिए गए प्लेटफॉर्म्स पर देख सकते हैं:
CBSE Official Website
CBSE Results Portal
DigiLocker
रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और जन्म तिथि दर्ज करनी होगी। बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि रिजल्ट चेक करने से पहले अपना एडमिट कार्ड तैयार रखें ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
सबसे पहले CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
होमपेज पर दिए गए “CBSE 12th Result 2026” लिंक पर क्लिक करें।
अब रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी दर्ज करें।
Submit बटन दबाते ही रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा।
छात्र अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड या प्रिंट भी कर सकते हैं।
लड़कियों ने फिर मारी बाजी
इस बार भी लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों की तुलना में बेहतर रहा है।
लड़कियों का पास प्रतिशत – 88.86%
लड़कों का पास प्रतिशत – 82.23%
यानि लड़कियों का रिजल्ट लड़कों से 6.73% ज्यादा रहा। वहीं ट्रांसजेंडर छात्रों का रिजल्ट 100% दर्ज किया गया है, जो इस साल का सबसे खास आंकड़ा माना जा रहा है।
त्रिवेंद्रम सबसे आगे, प्रयागराज सबसे पीछे
रीजन वाइज प्रदर्शन में एक बार फिर त्रिवेंद्रम रीजन सबसे आगे रहा।
त्रिवेंद्रम रीजन – 95.62% पास प्रतिशत
प्रयागराज रीजन – 72.43% पास प्रतिशत
पिछले साल भी त्रिवेंद्रम का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा था, जबकि प्रयागराज सबसे पीछे था।
अप्रैल तक चली थीं बोर्ड परीक्षाएं
CBSE कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित की गई थीं। परीक्षाएं देशभर में एक ही शिफ्ट में सुबह 10:30 बजे से आयोजित हुई थीं। इस साल करीब 22 लाख से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था।
मेरिट लिस्ट और टॉपर सूची नहीं होगी जारी
CBSE ने साफ किया है कि इस बार भी कोई मेरिट लिस्ट या आधिकारिक टॉपर सूची जारी नहीं की जाएगी। बोर्ड ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी छात्र को स्कूल, जिला या रीजन टॉपर घोषित न किया जाए। बोर्ड का मानना है कि इससे छात्रों पर अनावश्यक दबाव कम होगा और स्वस्थ शैक्षणिक माहौल बना रहेगा।
पास होने के लिए क्या है नियम?
CBSE के नियमों के अनुसार छात्रों को प्रत्येक विषय में कम से कम 33% अंक हासिल करना जरूरी होता है।
A से D ग्रेड – पास
E ग्रेड – फेल
यदि किसी छात्र को किसी विषय में E ग्रेड मिलता है, तो उसे कम्पार्टमेंट परीक्षा देनी होगी।
छात्रों के लिए बोर्ड की सलाह
बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि रिजल्ट को लेकर ज्यादा तनाव न लें। कम अंक आने पर भी भविष्य में कई अवसर उपलब्ध रहते हैं। छात्र आगे की पढ़ाई और करियर विकल्पों को लेकर सही योजना बनाएं।