डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं सहित सभी वर्गों का कल्याण करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए सीमा पर जवान और खेत में किसान दोनों समान महत्व रखते हैं। किसानों को सालाना 12 हजार रुपए की सम्मान निधि और लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए की सहायता दी जा रही है।
2026 बना कृषक कल्याण वर्ष
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ घोषित करते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए उन्हें पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी और फूड प्रोसेसिंग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे प्रदेश का “स्वर्णिम काल” बताया।
छिंदवाड़ा को 500 करोड़ की सौगात
छिंदवाड़ा जिले को 500 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 105 विकास कार्यों की सौगात दी गई। इनमें सड़क निर्माण, नल-जल योजना, पुलिस आवास, स्कूल भवन और छात्रावास जैसे कई प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसके साथ ही छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय के लिए नए भवन के निर्माण की घोषणा भी की गई।
एक क्लिक में करोड़ों का ट्रांसफर
मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के जरिए 7008 श्रमिकों के खातों में संबल योजना के तहत 157 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 55 लाख से अधिक हितग्राहियों को 463 करोड़ रुपए की राशि भी भेजी गई। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र और लाभ भी वितरित किए गए।
धार्मिक और सांस्कृतिक विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने चैत्र नवरात्रि के अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन से की और प्रदेशवासियों को महाअष्टमी व राम नवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि चित्रकूट को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। साथ ही उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर, जामसांवली हनुमान धाम और अन्य धार्मिक स्थलों पर सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं।
सांसद ने की मुख्यमंत्री की सराहना
सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री को कर्मयोगी बताते हुए कहा कि प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने छिंदवाड़ा में एयरपोर्ट विकास, स्वास्थ्य केंद्रों की स्वीकृति और सड़क निर्माण को बड़ी उपलब्धि बताया।