हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी हैं। वहीं कांग्रेस में उम्मीदवारों के नामों पर मंथन किया जा रहा है और लिस्ट फाइनल की जा रही है। इसके अलावा गठबंधन का दौर भी जारी है।
सीईसी शुक्रवार शाम 5 बजे बुलाई जाएगी
इन सबके बीच जहां एक तरफ भारतीय जनता पार्टी की पहली लिस्ट जारी होने के बाद नेताओं की बगावत देखने को मिली है तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस में लिस्ट जारी होने से पहले खींचतान शुरू हो गई है। इसके मद्देनजर पार्टी आलाकमान ने फिर से हरियाणा चुनाव को लेकर सीईसी की बैठक बुलाने का फैसला किया है। सीईसी शुक्रवार शाम 5 बजे बुलाई जाएगी।
प्रमोद तिवारी ने हरियाणा बीजेपी पर तंज कसा है
वहीं कांग्रेस पार्टी के सांसद प्रमोद तिवारी ने हरियाणा बीजेपी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि, भाजपा में भी बारिश हो रही है। लोग निकल-निकल कर भाग रहे हैं। हालत कुछ इस तरह की है कि, जैसे एक समुद्र में जहाज फंसा हुआ है और लोग छोड़-छोड़कर भाग रहे हैं। वही हालत वहां है, सबको दीवार पर लिखी इबारत दिखाई दे रही है कि, भाजपा अगर डबल डिजिट में आ जाए, दस सीटें भी मिल जाएं तो बड़ी बात है। ऊपर से टिकट न मिले तो फिर तो लोग चल दिए बाय-बाय, टाटा करके। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में डबल डिजिट की लड़ाई लड़ रही है।
AAP संग गठबंधन का विरोध कर रहे कांग्रेस नेता
हरियाणा के नेता कैप्टन अजय यादव ने भी आम आदमी पार्टी से गठबंधन पर ऐतराज जताया है। अजय यादव ने कहा कि,केंद्रीय नेतृत्व AAP गठबंधन पर फैसला करेगा लेकिन मेरी राय में कांग्रेस को हरियाणा में गठबंधन की जरूरत नहीं है। इससे पहले पंजाब में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी कांग्रेस-आप गठबंधन का विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि, हरियाणा में आम आदमी पार्टी से कांग्रेस का गठबंधन नहीं होना चाहिए, जितनी AAP से दूरी होगी, उतना कांग्रेस के लिए बेहतर होगा।
Comments (0)