छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है। सरगुजा, दुर्ग और रायपुर संभाग के कई इलाकों में पहले ही ठंडी हवाओं का प्रभाव दर्ज किया गया है, जिससे तापमान में गिरावट आई है।मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। कई जिलों में रात की ठंड सामान्य से अधिक बनी हुई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
कई जिलों में अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है और आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि ठंडी हवाओं के चलते उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर का असर बना रह सकता है। विशेष रूप से सरगुजा, जशपुर, कोरिया, बलरामपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, कबीरधाम और बेमेतरा सहित कई जिलों को अलर्ट पर रखा गया है।
8 जनवरी को धुंध रहने की संभावना
राजधानी रायपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार 8 जनवरी की सुबह धुंध छाई रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। ठंड के चलते सुबह और रात के समय लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग ने 7 से 9 जनवरी के बीच कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
Comments (0)