मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुरुवार, 8 जनवरी को गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय वस्त्र मंत्रियों के सम्मेलन में भाग लेंगे। इस दौरान असम राज्य के साथ वन्यजीवों के आदान-प्रदान से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश और असम के बीच पूर्व में वन्यजीवों के स्थानांतरण को लेकर सकारात्मक चर्चा हो चुकी है। इसके अंतर्गत मध्यप्रदेश में विलुप्त हो चुकी जंगली भैंसों के पुनर्स्थापन और गैंडों को मध्यप्रदेश लाने पर सहमति बनी है। वहीं असम की मांग पर मध्यप्रदेश से बाघ एवं मगरमच्छों को असम स्थानांतरित करने पर भी सहमति व्यक्त की गई है। इस संबंध में दोनों राज्यों द्वारा केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। आगामी समय में असम के साथ ईको-टूरिज्म और वन्यजीव पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग एवं साझेदारी को और विस्तार दिया जाएगा। इस विषय पर 8 जनवरी को असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के साथ विस्तृत चर्चा प्रस्तावित है।
वस्त्र उत्पादन और अंतर्राज्यीय सहयोग पर होगा मंथन
गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय वस्त्र सम्मेलन में केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह और असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा भी उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में कपड़ा उद्योग में निवेश प्रोत्साहन, रोजगार सृजन, नवाचार, कौशल विकास, आधुनिक मांग के अनुरूप वस्त्र उत्पादन तथा राज्यों के बीच सहयोगात्मक मॉडल पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।
सम्मेलन का उद्देश्य देश के वस्त्र उद्योग के समग्र विकास और विस्तार को गति देना है। इसमें पारंपरिक हथकरघा और हस्तशिल्प से लेकर आधुनिक टेक्सटाइल, रेडीमेड परिधान, तकनीकी वस्त्र और निर्यात संभावनाओं पर गहन चर्चा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर मध्यप्रदेश की वस्त्र उद्योग नीति, उद्योग-अनुकूल वातावरण, निवेश अवसरों और राज्य में उपलब्ध संसाधनों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे। सम्मेलन के माध्यम से राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान होगा और वस्त्र क्षेत्र में नई साझेदारियों के अवसर भी सृजित होंगे।
यह सम्मेलन ‘मेक इन इंडिया–मेक फॉर इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी राष्ट्रीय पहलों को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे भारतीय वस्त्र उद्योग वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकेगा। सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेन्द्र कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव आलोक कुमार सिंह तथा मध्यप्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला भी उपस्थित रहेंगे।
Comments (0)