New Delhi | दिल्ली में मंगलवार को प्रस्तावित विपक्षी विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। प्रदर्शन के मद्देनजर सुबह 8 बजे से राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक को नियंत्रित और डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से प्रभावित इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने और जरूरी होने पर अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की अपील की है।
कनॉट प्लेस समेत इन इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कनॉट प्लेस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, अशोक रोड और जंतर-मंतर रोड की ओर जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है। इन इलाकों में बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था के कारण सामान्य दिनों की तुलना में वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। जरूरत के अनुसार कुछ मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों की ओर डायवर्ट किया जा सकता है।
जाम से बचने के लिए पहले निकलने की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इन मार्गों से रोजाना सफर करने वाले लोगों को यात्रा की पहले से योजना बनाने की सलाह दी है। जरूरी काम से प्रभावित क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने को कहा गया है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान मौके की स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है। वाहन चालकों को मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करना होगा।
मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संभव हो तो निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। इससे प्रदर्शन वाले इलाकों की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। नई दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में काम या अन्य जरूरी कार्यों के लिए जाने वाले यात्रियों को अपने यात्रा समय में पर्याप्त मार्जिन रखने की सलाह दी गई है।
प्रभावित इलाकों में पार्किंग से बचें
पुलिस ने प्रभावित और प्रतिबंधित क्षेत्रों के आसपास सड़क पर वाहन खड़ा करने या अनावश्यक रूप से रुकने से बचने की अपील की है। वाहन चालकों से ट्रैफिक संकेतों का पालन करने और सड़क पर मौजूद पुलिसकर्मियों के निर्देशों के अनुसार ही आगे बढ़ने को कहा गया है।
3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
विपक्ष के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में 27 पुरुष कंपनियां और 4 महिला कंपनियां शामिल हैं। एक कंपनी में आमतौर पर करीब 100 से 115 जवान होते हैं। सुरक्षा बलों को संसद भवन, पार्लियामेंट स्ट्रीट गोल चक्कर और चुनाव आयोग के गेट के बाहर समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है।
यात्रियों के लिए पुलिस की अपील
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्रदर्शन के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें। यदि यात्रा जरूरी है तो वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर और अतिरिक्त समय के साथ निकलें। स्थिति के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है।