उड़ीसा के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने बुधवार को देशभर में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर चिंता जताई। बीजद सुप्रीमो ने कहा कि, यह ईश्वर और मानवता के खिलाफ अपराध है। नवीन ने आगे कहा है कि, हमारी संस्कृति में महिलाओं को देवी के रूप में पूजा जाता है। महिलाओं के खिलाफ अपराध ईश्वर और मानवता के खिलाफ अपराध है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
संकट में फंसी महिलाओं की मदद करो
शंख भवन में बीजद महिला जनता दल (बीएमजेडी) के जिला अध्यक्षों और राज्य स्तरीय पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम नवीन ने बीएमजेडी नेताओं से संकट में फंसी महिलाओं की मदद करने और उनमें दुनिया का सामना करने का साहस भरने का आह्वान किया। नवीन पटनायक ने आगे कहा कि, उम्मीद है कि, लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण आखिरकार लागू हो जाएगा।पार्टी नेताओं को इसके लिए पूरी तरह तैयार रहना चाहिए। इसके अलावा, बीजद के सदस्यता अभियान में अधिक से अधिक महिलाओं को शामिल करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
बीजेपी ने अपने वादे पूरे नहीं किए
बीजद सुप्रीमो नवीन ने इस दौरान यह भी कहा कि, वह पार्टी संगठन में महिलाओं को अधिक जिम्मेदारियां देंगे। चुनावी वादों को पूरा न करने के लिए भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए पूर्व सीएम ने आगे कहा कि, 2024 के चुनाव के दौरान, देश भर से भारतीय जनता पार्टी नेता राज्य में प्रचार के लिए आए और कई बड़ी चीजों का वादा किया। लेकिन जमीनी स्तर पर सब कुछ शून्य साबित हुआ। इसके अलावा, भाजपा ने दो साल में सुभद्रा योजना के तहत राज्य की प्रत्येक महिला को 50,000 रुपये देने का वादा किया था। लेकिन अब सरकार ने घोषणा की है कि, कुछ महिलाओं को छह महीने में 5,000 रुपये दिए जाएंगे।
Comments (0)