धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में फिल्मी अंदाज में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाग कस्बे में बदमाशों ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर एक ठेकेदार के घर पर फर्जी रेड डाली और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
इनकम टैक्स अधिकारी बनकर घर में घुसे
जानकारी के अनुसार बाग के ब्राह्मण मोहल्ले में रहने वाले ठेकेदार राजकुमार मालवी के घर पांच बदमाश स्कॉर्पियो गाड़ी से पहुंचे। इनमें से दो पुलिस की वर्दी में और तीन सादी ड्रेस में थे। बदमाशों ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताते हुए कहा कि उन्हें ब्लैक मनी की शिकायत मिली है और वे जांच के लिए आए हैं।
अलमारी खुलवाकर समेट लिए जेवर और नकदी
बदमाशों ने घर में तलाशी शुरू कर दी और ठेकेदार की पत्नी से अलमारी की चाबी ले ली। इसके बाद अलमारी से करीब 50 तोला सोने के जेवर और 3 लाख रुपये नकद निकाल लिए। पूरी कार्रवाई इतनी तेजी से की गई कि परिवार को शक तक नहीं हुआ।
परिवार को कमरे में बंद कर फरार
लूटपाट के बाद बदमाशों ने ठेकेदार राजकुमार मालवी और उनकी पत्नी कृष्णा मालवी को एक कमरे में बंद कर दिया। उनके मोबाइल भी अपने साथ ले गए और घर के बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए।
शोर मचाने पर पहुंचे पड़ोसी
कुछ देर बाद ठेकेदार ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घर का ताला तोड़कर दंपति को बाहर निकाला।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा ले जाए गए तीन मोबाइलों में से एक मोबाइल बायपास के पास कचरे के ढेर में मिला है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
Comments (0)