देश में रसोई गैस की किल्लत के बीच अब चोरों के निशाने पर कीमती गहनों की जगह गैस सिलिंडर आ गए हैं। आपको बता दें कि, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां चोर घर में घुसे लेकिन उन्होंने जेवरात और अन्य कीमती सामान को हाथ तक नहीं लगाया और सिर्फ गैस सिलिंडर उठाकर ले गए।
गैस सिलेंडर ले उड़े चोर
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना प्रयागराज के दारागंज थाना क्षेत्र के त्रिवेणी बांध इलाके की है। यहां रहने वाले ज्ञानचंद्र शनिवार रात खाना खाकर अपने परिवार के साथ सो गए थे। आधी रात के बाद कुछ चोर उनके घर में घुस गए और सीधे रसोई में पहुंचकर गैस से भरा सिलिंडर उठा ले गए। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो रसोई में रखा सिलिंडर गायब देखकर हैरान रह गए
चोरों का निशाना सिर्फ गैस सिलिंडर
आपको बता दें कि, खास बात यह है कि, चोरों ने रसोई में रखे अन्य सामान और पास के कमरे में रखे गहनों को छुआ तक नहीं। इससे साफ है कि, चोरों का निशाना सिर्फ गैस सिलिंडर था। जानकारी के अनुसार, ज्ञानचंद्र दो दिन पहले ही बड़ी मुश्किल से गैस एजेंसी से सिलिंडर लेकर आए थे। उन्होंने उसे सुरक्षित रखने के लिए जंजीर से बांधकर रखा था, इसके बावजूद चोर उसे ले जाने में सफल रहे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
वहीं इस अजीबो-गरीब घटना की जानकारी जैसे ही मोहल्ले के लोगों को हुई, सभी हैरान रह गए और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने इसे आपदा में अवसर तलाशने की घटना बताया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ाने की चेतावनी दी है।