मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को आणंद जिले के भादरण में आयोजित कार्यक्रम से राज्य की 2666 ग्राम पंचायतों के लिए ग्राम पंचायत भवन-सह-पटवारी आवासों का एक साथ ई-शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आत्मनिर्भर भारत के लिए गांवों के आधारभूत ढांचे के विकास पर दिए जा रहे विशेष जोर को आगे बढ़ाने के लिए गुजरात पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सेचुरेशन अप्रोच के तहत ऐतिहासिक निर्णय
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति वाले सेचुरेशन अप्रोच को जमीन पर उतारने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने सभी ग्राम पंचायतों को उनके स्वयं के पंचायत भवन-सह-पटवारी आवास उपलब्ध कराने का महत्वाकांक्षी फैसला लिया है।
663 करोड़ की लागत से बनेंगे पंचायत भवन
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 2666 गांवों में लगभग 663 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन पंचायत भवनों से ग्रामीण नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही सरकारी सेवाएं सुलभ होंगी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं अधिक प्रभावी व तेज होंगी।
मुख्यमंत्री ग्रामोत्थान योजना की राज्यव्यापी शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण गृह निर्माण मंत्री ऋषिकेशभाई पटेल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमणभाई सोलंकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री संजयसिंह महिडा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ‘मुख्यमंत्री ग्रामोत्थान योजना’ की राज्यव्यापी शुरुआत भी की गई।
तहसील मुख्यालय गांवों को मिलेंगी शहरी सुविधाए
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले चरण में राज्य के 114 ऐसे तहसील मुख्यालय गांवों को इस योजना में शामिल किया गया है, जो नगर पालिका क्षेत्र में नहीं आते। इन गांवों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सोलर स्ट्रीट लाइट, ई-ग्राम और सामुदायिक भवन जैसी शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
10 हजार से अधिक आबादी वाली पंचायतों पर रहेगा विशेष फोकस
उन्होंने कहा कि शहरों पर बढ़ते दबाव को कम करने और गांवों में ही शहरों जैसी सुविधाएं देने के उद्देश्य से भविष्य में 10 हजार से अधिक जनसंख्या वाली ग्राम पंचायतों को भी मुख्यमंत्री ग्रामोत्थान योजना के दायरे में लाया जाएगा, जिससे ग्रामीण-शहरी विकास का अंतर कम होगा।
जल संरक्षण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत वर्षा जल संचय और भूजल रिचार्ज के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधायक को 50 लाख रुपये का विशेष अनुदान दिया गया है ताकि स्थानीय स्तर पर जल संरक्षण के कार्य किए जा सकें। साथ ही उन्होंने गाय आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया।
शहीद दिवस पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि
30 जनवरी शहीद दिवस एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के निर्वाण दिवस पर मुख्यमंत्री ने बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गांधीजी का ग्राम स्वराज का विचार आज भी गांवों को आत्मनिर्भर बनाने और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा देता है।
गांवों के विकास को मिलेगी नई दिशा: ऋषिकेश पटेल
पंचायत एवं ग्रामीण गृह निर्माण मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में 663 करोड़ रुपये की लागत से 2666 ग्राम पंचायत भवनों का निर्माण शुरू किया गया है, जिससे गुजरात के ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने सरपंचों से भादरण गांव से प्रेरणा लेने की अपील भी की।
Comments (0)