गुजरात के अमरेली जिले में रविवार (29 मार्च) को 3.1 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, इससे किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं है। यह सौराष्ट्र क्षेत्र में बीते छह दिनों में दूसरा भूकंप था।
अधिकारियों की जानकारी
गांधीनगर स्थित भूकंपीय अनुसंधान संस्थान के अनुसार, भूकंप का झटका शाम 4.10 बजे दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र अमरेली से लगभग 42 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में सतह से 11.6 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। अधिकारियों ने बताया कि झटकों से न तो कोई घायल हुआ और न ही संपत्ति को नुकसान पहुंचा। मंगलवार को सौराष्ट्र के राजकोट जिले में भी 3.2 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया था।
कहां महसूस किए गए झटके
अमरेली के खंभा गिर इलाके के नाना विसावदार, अनिडा, इंगोराला, नानी धारी समेत कई गांवों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इन झटकों से स्थानीय लोगों में डर और चिंता का माहौल है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और इलाके में किसी भी तरह के नुकसान की जानकारी जुटा रहा है। फिलहाल किसी भी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।