नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण हालात के बीच भारतीय एयरलाइंस खाड़ी क्षेत्र के लिए अतिरिक्त उड़ानें संचालित करने की तैयारी कर रही हैं। केंद्र सरकार भी क्षेत्र में चल रहे घटनाक्रम और भारत तथा खाड़ी देशों के बीच हवाई यात्रा पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव पर लगातार नजर बनाए हुए है।
12 मार्च से रियाद के लिए उड़ानें
एयरलाइनों की परिचालन योजना के मुताबिक एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस 12 मार्च से रियाद के लिए उड़ानें संचालित करेंगी। वहीं इंडिगो भी इसी तारीख से मुंबई-रियाद-मुंबई सेवा शुरू करेगी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, स्पाइसजेट को क्षेत्र में सुरक्षित और लचीले परिचालन के लिए वैकल्पिक हवाईअड्डों की मंजूरी दिलाने में मदद की गई है। वहीं आकासा एयर को अपनी प्रस्तावित मुंबई-रियाद सेवा को मौजूदा परिस्थितियों के अनुसार समायोजित करने की सलाह दी गई है।
11 मार्च को 58 उड़ानें संचालित
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस 11 मार्च को पश्चिम एशिया क्षेत्र के लिए और वहां से कुल 58 निर्धारित और अनिर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी। दोनों एयरलाइंस जेद्दा और मस्कट के लिए अपनी नियमित सेवाएं जारी रखेंगी।
- जेद्दा के लिए कुल 8 उड़ानें संचालित होंगी।
- एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए 14 निर्धारित उड़ानें संचालित करेगी।
हजारों यात्री पहुंचे भारत
9 मार्च के परिचालन आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम एशिया से भारत के लिए 45 आगमन उड़ानें संचालित हुईं, जिनमें 7,407 यात्री भारत पहुंचे।
नागरिक उड्डयन मंत्री कर रहे निगरानी
नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू लगातार स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं और सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए हुए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा और उड़ानों का संचालन सुचारु रूप से जारी रहे।
डीजीसीए ने दी अतिरिक्त स्लॉट की अनुमति
डीजीसीए ने अतिरिक्त आगमन और प्रस्थान स्लॉट उपलब्ध कराने के लिए संबंधित प्राधिकरणों के साथ समन्वय किया है। साथ ही मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को दुबई, अबू धाबी, शारजाह, रास अल खैमाह, अल-अलन, फुजैरा, जेद्दा और मदीना जैसे गंतव्यों के लिए वैकल्पिक हवाईअड्डे के रूप में उपयोग करने की अनुमति दी गई है।
टिकट कीमतों पर भी नजर
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि एयरलाइंस और अन्य हितधारकों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि यात्रियों का आवागमन सुचारु बना रहे। साथ ही टिकट दरों की भी निगरानी की जा रही है, ताकि इस दौरान किराए में अनावश्यक बढ़ोतरी न हो।
मंत्रालय ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी उड़ान से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क में रहें।