नई दिल्ली - भारतीय नौसेना और कई सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर एलपीजी टैंकर MV सनशाइन को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। ये जहाज फारस की खाड़ी से भारत की ओर आ रहा है और इसे सुरक्षित मार्ग प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक सहायता दी जा रही है।
ये 15वां एलपीजी जहाज है
सूत्रों के अनुसार, ये 15वां एलपीजी जहाज है, जिसे पिछले कुछ वक्त में फारस की खाड़ी से सफलतापूर्वक निकाला गया है। इस बीच ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने शांति बहाली पर होर्मुज क्षेत्र में सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ने की बात कही है और भारत के निष्पक्ष दृष्टिकोण की सराहना करते हुए ईरान ने नई दिल्ली की किसी भी शांति पहल का स्वागत करने की इच्छा जताई है।
भारत आ रहे 15 एलपीजी टैंकर !
सूत्रों ने बताया कि भारत आ रहे 15 एलपीजी टैंकरों में से 14 टैंकर पहले ही क्रॉसिंग प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। जबकि 15वें का क्रॉसिंग प्रक्रिया चल रही थी। भारतीय नौसेना समेत कई एजेंसियों के समन्वय से ये जहाज सुरक्षित रूप से भारत की ओर बढ़ रहा है। ब्रिक्स (BRICS) विदेश मंत्रियों की बैठक से पहले ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने नई दिल्ली में पत्रकारों से बात की।
भारत की किसी भी कूटनीतिक पहल का स्वागत
इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत हमेशा शांति का पक्षधर रहा है और ईरान पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए भारत की किसी भी कूटनीतिक पहल का स्वागत करेगा। उन्होंने अमेरिका पर गंभीर कूटनीति न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शांति स्थापित होने पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की स्थिति पहले से कहीं बेहतर और सुरक्षित होगी।