इंडिगो एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने इस इस्तीफे को स्वीकार करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है।
एविएशन इंडस्ट्री में हलचल
पीटर एल्बर्स के अचानक इस्तीफे ने एविएशन इंडस्ट्री में हलचल पैदा कर दी है। यह इस्तीफा इंडिगो के लिए एक चुनौतीपूर्ण दौर के बाद आया है। करीब तीन महीने पहले एयरलाइन को बड़े पैमाने पर उड़ानों के व्यवधान का सामना करना पड़ा था, जिससे लगभग तीन लाख यात्री फंसे रह गए थे। इस गंभीर संकट और परिचालन संबंधी विफलताओं के चलते विमानन नियामक DGCA ने कड़ा रुख अपनाया था। नियामक ने इंडिगो पर 22.20 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया और अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी की।
कंपनी ने जारी किया आधिकारिक बयान
कंपनी ने बताया कि इंडिगो की पेरेंट कंपनी InterGlobe Aviation Limited के निदेशक मंडल ने मंगलवार को हुई बैठक में पीटर एल्बर्स का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। एल्बर्स 10 मार्च 2026 को कार्य समय समाप्त होने के बाद औपचारिक रूप से कंपनी छोड़ देंगे। इसके बाद, कंपनी के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया अंतरिम रूप से इंडिगो के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
बोर्ड मीटिंग भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे शुरू हुई और 5:45 बजे समाप्त हुई। कंपनी ने अपने प्रेस विज्ञप्ति और इस्तीफे के पत्र को सार्वजनिक किया है। इसके अतिरिक्त, SEBI के मास्टर सर्कुलर के अनुसार सभी आवश्यक विवरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। आधिकारिक बयान और संबंधित दस्तावेज www.goindigo.in पर जारी किए गए हैं।
बतादें कि इंडिगो अपने ग्राहकों के प्रति प्रतिबद्धता के लिए जानी जाती है और इसीकारण किसी भी कठोर निर्णय को लेने में पीछे नहीं हटती।
Comments (0)