झारखंड में लंबे इंतजार के बाद नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है। राज्य के सभी 48 नगर निकायों में 23 फरवरी को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को संपन्न कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कार्यक्रम का ऐलान किया। घोषणा के साथ ही आज से सभी नगर निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।
चुनाव प्रक्रिया 4 फरवरी 2026 से शुरू होगी
नगर निकाय चुनाव प्रक्रिया 4 फरवरी 2026 से शुरू होगी, जब उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन की जांच के बाद 6 फरवरी को नाम वापसी की अंतिम तिथि होगी। 7 फरवरी को उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किया जाएगा। सभी 48 शहरी निकायों में एक ही चरण में 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद 27 फरवरी को मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इस बार चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से होंगे और गैर-दलीय आधार पर संपन्न होंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम चुनाव में नोटा विकल्प उपलब्ध नहीं होगा।
कुल 1087 वार्ड हैं
राज्य में पहली बार सभी नगर निकायों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाएं और पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई है। झारखंड के 48 शहरी निकायों में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं, जिनमें कुल 1087 वार्ड हैं। इन नगर निकायों में लंबे समय से चुनाव लंबित थे। 13 निकायों में 2020 से और अन्य नगर निगम व निकायों में 2022 से चुनाव नहीं हुए थे। रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो और देवघर जैसे बड़े नगर निगम चुनावों पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी रहेंगी। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती की जाएगी और पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे ताकि चुनाव सुचारू और नियमानुसार संपन्न हो सके।
Comments (0)