कर्नाटक सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों में लागू हिजाब बैन से जुड़े 2022 के आदेश को वापस ले लिया है। नए निर्देशों के तहत अब छात्र-छात्राओं को हिजाब के साथ कलावा, रुद्राक्ष और जनेऊ पहनने की भी अनुमति दी गई है। हालांकि, यह छूट संस्थानों के अनुशासन और निर्धारित नियमों के दायरे में ही लागू होगी।
2022 में हुआ था आदेश जारी
दरअसल, फरवरी 2022 में तत्कालीन बीजेपी सरकार ने सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेजों में ड्रेस कोड को लेकर एक आदेश जारी किया था। इसमें कहा गया था कि ऐसे कपड़े या धार्मिक परिधान की अनुमति नहीं होगी, जो “समानता, एकता और सार्वजनिक व्यवस्था” को प्रभावित करते हों।
इस आदेश के बाद कई सरकारी शिक्षण संस्थानों में हिजाब पहनकर कक्षाओं में प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी, जिसके चलते राज्यभर में विवाद और विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। अब राज्य सरकार के नए फैसले के बाद स्कूलों और कॉलेजों में धार्मिक प्रतीकों को लेकर पहले से अधिक लचीलापन देखने को मिलेगा।