केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) की बड़ी जीत के बाद अब नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अंतिम दौर की चर्चा पूरी हो चुकी है। कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को इस मुद्दे पर अहम बैठक की। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम की घोषणा आज गुरुवार को की जा सकती है।
खरगे आवास पर हुई अहम बैठक
दिल्ली स्थित 10 राजाजी मार्ग पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई बैठक में करीब आधे घंटे तक चर्चा चली। इस दौरान केरल में सरकार गठन और मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरों पर विचार-विमर्श किया गया।
जयराम रमेश ने क्या कहा?
बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मीडिया से कहा कि कांग्रेस विधायक दल ने नेता चुनने का अधिकार पार्टी आलाकमान को सौंप दिया था। उन्होंने बताया कि चर्चा पूरी हो चुकी है और अंतिम फैसले की घोषणा गुरुवार को की जाएगी।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में ये नाम आगे
केरल के अगले मुख्यमंत्री की रेस में तीन प्रमुख नेताओं के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं—
- केसी वेणुगोपाल
- वीडी सतीशन
- रमेश चेन्निथला
पार्टी नेतृत्व सभी राजनीतिक और संगठनात्मक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अंतिम फैसला करेगा।
विधायक दल ने आलाकमान को दिया अधिकार
7 मई को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री पद के लिए विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार पार्टी आलाकमान को दे दिया गया था। इसके बाद से लगातार वरिष्ठ नेताओं के बीच मंथन जारी था।
केरल चुनाव में UDF की बड़ी जीत
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में UDF ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 140 में से 102 सीटों पर जीत दर्ज की। इस जीत के साथ राज्य में कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार बनने जा रही है और अब सबकी नजर मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर टिकी हुई है।