संसद के बजट सत्र के दूसरे फेज का बुधवार को तीसरा दिन है। लोकसभा में आज भी स्पीकर ओम बिरला को हटाने के लिए विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा जारी रहेगी। इस चर्चा के लिए कुल 10 घंटे का समय तय किया गया है, जिसमें मंगलवार को करीब 7 घंटे तक बहस हो चुकी है।
विपक्ष का आरोप
मंगलवार को सत्र के दूसरे दिन विपक्षी सांसदों ने ओम बिरला पर सदन की कार्यवाही में पक्षपात का आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। 50 से अधिक सांसदों के समर्थन के बाद पीठासीन अधिकारी ने प्रस्ताव को सदन में पेश करने और चर्चा की मंजूरी दी।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने बहस की शुरुआत करते हुए कहा कि बजट सत्र के दौरान 20 बार नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को रोका-टोका गया। उन्हें बार-बार नियमावली (रूलिंग बुक) दिखाई गई। विपक्ष ने कहा कि स्पीकर सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं।
सत्ता पक्ष का जवाब
संसदीय कार्यमंत्री किरन रिजिजू ने कहा कि ओम बिरला पर लगे आरोप झूठे हैं। उन्होंने कहा कि स्पीकर निष्पक्षता से सदन की कार्यवाही संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि 15वीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष केवल दो बार बोले और जब सेशन चलता है तो विदेश चले जाते हैं। नेता प्रतिपक्ष अपनी बात कह कर सदन से चले जाते हैं और फिर आरोप लगाते हैं कि उन्हें बोलने नहीं दिया गया।