
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट (MCC) के कथित उल्लंघन को लेकर चुनाव आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
बीजेपी पश्चिम बंगाल इकाई की ओर से भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि राज्य में MCC लागू होने के बावजूद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के फोटो और प्रचार सामग्री सार्वजनिक स्थानों पर अब भी लगे हुए हैं। पार्टी का दावा है कि यह चुनाव आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है।
शिकायत में कहा गया है कि कालीघाट स्काई वॉक और श्यामा प्रसाद मुखर्जी रोड जैसे इलाकों में ममता बनर्जी के होर्डिंग्स और पोस्टर प्रमुखता से प्रदर्शित किए गए हैं। बीजेपी ने इसे सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और चुनावी लाभ लेने की कोशिश बताया है।
बीजेपी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि इन सभी पोस्टर, बैनर और होर्डिंग्स को तुरंत हटाया जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक, MCC लागू होने के बाद किसी भी राजनीतिक नेता की तस्वीर या उपलब्धियों को सार्वजनिक खर्च पर प्रदर्शित नहीं किया जा सकता।
अब इस मामले में चुनाव आयोग क्या कदम उठाता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।