पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की आत्मकथा ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के कथित रूप से लीक होकर सोशल मीडिया और इंटरनेट पर सर्कुलेट होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले को पब्लिकेशन प्रोटोकॉल और इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स के संभावित उल्लंघन से जुड़ा मानते हुए जांच शुरू की है।
बिना अनुमति इंटरनेट पर फैली किताब की पीडीऍफ़
पुलिस के अनुसार, किताब को अभी तक संबंधित अधिकारियों से प्रकाशन की मंजूरी नहीं मिली है। इसके बावजूद किताब की PDF कॉपी सोशल मीडिया,कई वेबसाइट्स और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से सर्कुलेट हो रही है। इतना ही नहीं, कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म्स पर किताब का कवर इस तरह प्रदर्शित किया गया है, जैसे वह बिक्री के लिए उपलब्ध हो।
पब्लिशर से जुड़ा होने का दावा
जांच में सामने आया है कि सार्वजनिक रूप से सर्कुलेट हो रही किताब पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से प्रकाशित प्रतीत होती है। हालांकि, पुस्तक का प्री-प्रिंट वर्जन बिना आधिकारिक मंजूरी के सामने आना गंभीर उल्लंघन माना जा रहा है।
राहुल गांधी के संसद में किताब दिखाने से बढ़ा विवाद
इस किताब को लेकर विवाद तब और गहरा गया, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकसभा में इसकी एक प्रति लेकर पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया था कि वह यह किताब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गिफ्ट करना चाहते हैं। भाजपा सांसदों ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जिस किताब का जिक्र किया जा रहा है, वह अभी तक प्रकाशित ही नहीं हुई है। हालांकि, दिल्ली पुलिस की FIR में राहुल गांधी का नाम शामिल नहीं किया गया है।
2024 से रक्षा मंत्रालय के पास लंबित है मंजूरी
बताया गया है कि जनरल एमएम नरवणे की यह किताब साल 2024 से रक्षा मंत्रालय के पास अप्रूवल के लिए लंबित है। एक साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुस्तक को प्रकाशन की अनुमति नहीं मिल सकी है। इसी बीच किताब के अंश सार्वजनिक होने और संसद में कोट किए जाने से मामला राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर चर्चा में आ गया।
जांच का फोकस किन पर?
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, जांच का मुख्य फोकस उन व्यक्तियों या संस्थाओं की पहचान करना है, जो बिना अनुमति किताब को अपलोड करने, शेयर करने या व्यावसायिक रूप से सर्कुलेट करने में शामिल हैं। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)