नागौर - नागौर जिले के जायल में परंपरा, प्रेम और प्रतिष्ठा का भव्य संगम देखने को मिला। ब्राह्मण समाज के दो भाइयों, ललित कुमार व्यास और ओमप्रकाश व्यास, ने अपनी बहन गायत्री देवी के बेटे नीलेश की शादी में इतिहास रचते हुए 1 करोड़ 61 लाख रुपये का मायरा भरकर नई मिसाल कायम की। यह मायरा ब्राह्मण समाज में अब तक का सबसे बड़ा माना जा रहा है।
भाइयों ने बहन को चुनड़ी ओढ़ाकर मायरा भरा
मायरे में 81 लाख रुपये नकद, 25 तोला सोना, चांदी के जेवरात, और कीमती कपड़े व उपहार शामिल थे। जायल के माहेश्वरी भवन में पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुई इस रस्म में भाइयों ने बहन को चुनड़ी ओढ़ाकर मायरा भरा। इस भव्य आयोजन ने भाई-बहन के अटूट स्नेह और संस्कारों को जीवंत रूप से प्रदर्शित किया।
सदियों पुरानी मायरा परंपरा की गरिमा को दर्शाता है
यह आयोजन न केवल जायल की सदियों पुरानी मायरा परंपरा की गरिमा को दर्शाता है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि राजस्थान की संस्कृति आज भी उतनी ही मजबूत और जीवंत है, जहाँ रिश्तों की कीमत भावनाओं और संस्कारों से आंकी जाती है । इस प्रकार के भव्य आयोजन समाज में परंपराओं के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Comments (0)