नेपाल में बाढ़ की स्थिति गंभीर होने के बीच बिहार सरकार ने संभावित खतरे को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर नेपाल से आने वाले पानी और बिहार के संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बात की और नेपाल में बाढ़ की स्थिति को लेकर चर्चा की। राज्य सरकार ने गंडक नदी से जुड़े जिलों समेत संभावित प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
CM सम्राट चौधरी ने अधिकारियों के साथ की बड़ी बैठक
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में नेपाल में विकसित हो रही बाढ़ की स्थिति और उसके बिहार पर संभावित प्रभाव को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि नेपाल की स्थिति को देखते हुए बिहार में संभावित प्रभाव वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए। खासतौर पर नदियों के जलस्तर और नेपाल से आने वाले पानी की स्थिति पर निगरानी बनाए रखने को कहा गया है।
गंडक नदी से जुड़े इन जिलों में विशेष सतर्कता
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गंडक नदी से जुड़े संवेदनशील जिलों में प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
पश्चिमी चंपारण
पूर्वी चंपारण
गोपालगंज
सारण
मुजफ्फरपुर
वैशाली
इसके अलावा अन्य संभावित प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में भी प्रशासन को स्थिति पर लगातार नजर रखने के लिए कहा गया है।
तटबंध और बांधों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी तटबंधों और बांधों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तटबंधों की लगातार निगरानी के साथ उनकी मजबूती सुनिश्चित की जाए।किसी भी तटबंध या बांध के कमजोर हिस्से की पहचान होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से रात के समय नाइट पेट्रोलिंग कराने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि किसी संभावित खतरे का समय रहते पता लगाया जा सके।
लाउडस्पीकर से लोगों को दी जाएगी चेतावनी
संवेदनशील और प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन को लाउडस्पीकर या माइक के जरिए लोगों तक लगातार जरूरी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन को संभावित खतरे की चेतावनी पहले से देने और जरूरत पड़ने पर लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा गया है।
NDRF और SDRF की टीमें रहेंगी तैनात
मुख्यमंत्री ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF और SDRF की टीमों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिकूल परिस्थितियों में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
अमित शाह ने CM सम्राट से की बात
नेपाल में बाढ़ की स्थिति को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बातचीत की। दोनों के बीच नेपाल में बाढ़ और उसके संभावित प्रभाव को लेकर चर्चा हुई।बिहार के लिए नेपाल से आने वाले पानी की स्थिति महत्वपूर्ण है, ऐसे में राज्य सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।