वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को राज्यसभा में फाइनेंस बिल पर चर्चा के दौरान स्पष्ट किया कि भारत में कोई लॉकडाउन लागू नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं द्वारा लॉकडाउन की अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जो पूरी तरह गलत हैं। वित्त मंत्री ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ न डालना है।
विश्व में बढ़ी पेट्रील- डीजल की कीमतें
निर्मला सीतारमण ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय क्रूड ऑयल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 122 डॉलर तक पहुंच गई हैं, और पश्चिम एशिया में चल रही परिस्थितियों और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में रुकावट के कारण कीमतों में और वृद्धि हुई। वित्त मंत्री ने कहा कि 30 मार्च तक ब्लेंड क्रूड सौ डॉलर के नीचे नहीं आ पाएगा, जिससे दुनियाभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ी हैं।
भारत में लॉकडाउन की कोई योजना नहीं है
सरकार ने तत्काल कदम उठाते हुए पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर कर दी, जबकि डीजल पर पूरी तरह से ड्यूटी हटा दी गई। उन्होंने कहा कि इस कदम से भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर रहेंगे और जनता पर अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा।वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि भारत में लॉकडाउन की कोई योजना नहीं है और अफवाह फैलाने वाले नेताओं को ऐसा करना बंद करना चाहिए। उन्होंने पड़ोसी देशों की स्थिति का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत में जनता की सुरक्षा और सामान्य जीवन को प्राथमिकता दी जा रही है।