कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को कोलकाता पहुंचे। अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला बंगाल दौरा है, जिसे संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
कोलकाता पहुंचते ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पार्टी नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके तुरंत बाद उन्होंने चुनावी तैयारियों और संगठन की मजबूती को लेकर लगातार बैठकों का सिलसिला शुरू कर दिया।
रणनीतिक बैठकों का मैराथन
मंगलवार को नितिन नबीन ने हावड़ा और हुगली जोन की बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य की आईटी और कॉल सेंटर टीमों के कार्यों की समीक्षा की।
शाम के सत्र में सोशल मीडिया, मीडिया और नैरेटिव टीमों के साथ बैठक कर चुनावी संदेश को धार देने और विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
डिजिटल और सोशल मीडिया पर खास नजर
इस दौरे का सबसे अहम फोकस पार्टी की डिजिटल ताकत को मजबूत करना है। नितिन नबीन सोशल मीडिया टीम के साथ सीधे संवाद कर चुनावी नैरेटिव सेट करने और उसे जमीनी स्तर तक पहुंचाने की रणनीति तैयार कर रहे हैं।
दौरे के दूसरे दिन दक्षिणेश्वर मंदिर में पूजा
बुधवार को नितिन नबीन दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और राज्य की समृद्धि के लिए आशीर्वाद लेंगे।
इसके बाद वे प्रदेश भाजपा कार्यालय में चुनाव प्रबंधन टीम के साथ बूथ स्तर की तैयारियों की गहन समीक्षा करेंगे। साथ ही महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, एससी, एसटी और ओबीसी मोर्चा सहित विभिन्न संगठनों के साथ संवाद कर संगठन को और धार देने की रणनीति बनाएंगे।