नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों की बैठक बुलाने का फैसला किया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर 2026 को और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक समाप्त हो सकती है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
किरेन रिजिजू ने दी बैठक बुलाने की जानकारी
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार ने राज्यसभा के सभापति और लोकसभा अध्यक्ष से दोनों सदनों की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। इन बैठकों के दौरान आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक पूरी होने की संभावना है।
महिला आरक्षण कानून लागू करने से जुड़े विधेयक पर चर्चा
संसद की इन बैठकों को महिला आरक्षण कानून लागू करने की प्रक्रिया से जोड़कर भी देखा जा रहा है। चर्चा है कि सरकार महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक ला सकती है।
इससे पहले इस मुद्दे पर संसद का विशेष या विस्तारित सत्र बुलाए जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं। ऐसे में दोनों सदनों की बैठक की घोषणा के बाद इस विधेयक को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।हालांकि, सरकार ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया है कि महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़ा विधेयक बैठक के एजेंडे में शामिल होगा या नहीं।