देशभर के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत मिलने वाली 22वीं किस्त अब जल्द किसानों के खातों में पहुंचने वाली है। सरकार ने आधिकारिक रूप से घोषणा करते हुए बताया है कि यह किस्त 13 मार्च को जारी की जाएगी। इस दिन पात्र किसानों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
सोशल मीडिया पर हुई आधिकारिक घोषणा
पीएम किसान योजना के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस संबंध में जानकारी साझा की गई है। पोस्ट के अनुसार 13 मार्च को देशभर के करोड़ों किसानों को इस योजना की अगली किस्त का लाभ मिलेगा। लंबे समय से किसान इस किस्त का इंतजार कर रहे थे और अब आखिरकार उनकी प्रतीक्षा समाप्त होने जा रही है।
किसानों को मिलेगा सीधा आर्थिक लाभ
नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रही इस योजना के तहत किसानों को सालाना 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो तीन समान किस्तों में उनके बैंक खातों में सीधे भेजी जाती है। हर चार महीने में 2000 रुपये की राशि किसानों को मिलती है, जिससे उन्हें खेती से जुड़े छोटे-मोटे खर्चों में राहत मिलती है।
असम दौरे से भी जुड़ी है घोषणा
बताया जा रहा है कि 13 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का असम दौरा भी प्रस्तावित है। इसी दिन पीएम किसान योजना की नई किस्त जारी किए जाने की संभावना पहले से जताई जा रही थी। अब आधिकारिक घोषणा के बाद यह साफ हो गया है कि उसी दिन किसानों को यह आर्थिक सहायता मिल जाएगी।
कुछ किसानों को नहीं मिल पाएगी किस्त
हालांकि सभी किसानों को इस बार किस्त का लाभ नहीं मिल पाएगा। जिन किसानों ने ई-केवाईसी पूरी नहीं की है, या जिनके दस्तावेजों में कोई त्रुटि है, उनके खातों में यह राशि नहीं पहुंच पाएगी। इसलिए किसानों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपनी ई-केवाईसी और बैंक से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें, ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके।
योजना से करोड़ों किसानों को मिल रहा सहारा
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश की सबसे बड़ी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजनाओं में से एक है। इसके माध्यम से करोड़ों किसानों को हर साल आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे उनकी आय में कुछ हद तक स्थिरता आती है और कृषि कार्यों में मदद मिलती है।
Comments (0)