प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के स्थापना दिवस के अवसर पर बल के सभी कर्मियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा में सीआईएसएफ की भूमिका बेहद अहम है।
अनुशासन और समर्पण के लिए जानी जाती है CISF
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपने संदेश में कहा कि सीआईएसएफ अपने दृढ़ संकल्प, अनुशासन और समर्पण के लिए जानी जाती है। उन्होंने कहा कि बल के जवान देशभर में महत्वपूर्ण संस्थानों और परिसंपत्तियों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि सीआईएसएफ के कर्मियों की अटूट कर्तव्यनिष्ठा भारत की सुरक्षा और प्रगति में बड़ा योगदान देती है।
1968 में हुआ था CISF का गठन
उल्लेखनीय है कि 1968 में संसद के 50वें अधिनियम के तहत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का गठन किया गया था। शुरुआत में इस बल में केवल 3,129 कर्मी थे, लेकिन समय के साथ इसका विस्तार होता गया।
2.20 लाख से अधिक कर्मियों का मजबूत बल
आज सीआईएसएफ लगभग 2.20 लाख कर्मियों की मजबूत फोर्स बन चुका है, जो देश के लगभग सभी राज्यों में तैनात है। यह बल औद्योगिक प्रतिष्ठानों, हवाई अड्डों, मेट्रो नेटवर्क, बंदरगाहों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाता है। वर्तमान में सीआईएसएफ देश के कई संवेदनशील और रणनीतिक संस्थानों की सुरक्षा में तैनात है।
Comments (0)