प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 मार्च को केरल और तमिलनाडु की यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वे दोनों राज्यों में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:30 बजे केरल के एर्नाकुलम पहुंचेंगे, जहां वे लगभग 10,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके बाद शाम करीब 5:45 बजे तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में करीब 5,650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। दोनों जगह प्रधानमंत्री जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।
एर्नाकुलम में कई परियोजनाओं की सौगात
केरल के एर्नाकुलम में प्रधानमंत्री भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) की कोच्चि रिफाइनरी में 5,500 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली पॉलीप्रोपाइलीन यूनिट की आधारशिला रखेंगे। इस यूनिट की क्षमता 400 किलो टन प्रति वर्ष होगी, जिससे पैकेजिंग, ऑटोमोबाइल, मेडिकल उपकरण और वस्त्र उद्योग को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री दो प्रमुख राजमार्ग परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इनमें एनएच-66 के थलापाडी–चेंगला खंड का छह लेन निर्माण शामिल है, जिसे 2,650 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है। इसके अलावा वेंगलम से रामनट्टुकरा तक कोझिकोड बाईपास के छह लेन निर्माण परियोजना का भी उद्घाटन किया जाएगा, जिसकी लागत करीब 2,140 करोड़ रुपये है। इससे यातायात जाम कम होगा और यात्रा का समय काफी घट जाएगा।
ग्रामीण सड़क और रेलवे परियोजनाएं
प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी 23 ग्रामीण सड़कों का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्निर्मित शोरानूर जंक्शन, कुट्टीपुरम और चांगनास्सेरी रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे।
इसके अलावा शोरानूर–नीलाम्बुर रोड रेलवे लाइन के विद्युतीकरण का भी लोकार्पण करेंगे और पलाक्काड़–पोलाची नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे।
फ्लोटिंग सोलर परियोजना की आधारशिला
प्रधानमंत्री केरल के कोल्लम जिले के पश्चिम कल्लाडा में 50 मेगावाट की फ्लोटिंग सोलर पावर परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद करेगी।
तिरुचिरापल्ली में 5,650 करोड़ की परियोजनाएं
तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में प्रधानमंत्री लगभग 5,650 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस अवसंरचना, ल्यूब्रिकेंट निर्माण, ग्रामीण सड़कें, राजमार्ग और रेलवे सेवाएं शामिल हैं।
सिटी गैस वितरण नेटवर्क की शुरुआत
प्रधानमंत्री नीलगिरी और इरोड जिलों में 3,680 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले सिटी गैस वितरण नेटवर्क की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना से 8.8 लाख से अधिक घरों को पीएनजी कनेक्शन मिलेगा और 200 से अधिक सीएनजी स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
नई ट्रेन सेवाओं को भी दिखाएंगे हरी झंडी
इसके अलावा प्रधानमंत्री दो अमृत भारत एक्सप्रेस, दो एक्सप्रेस ट्रेन और एक यात्री रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इससे तमिलनाडु का तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और पूर्वी भारत के साथ रेल संपर्क और मजबूत होगा।