प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कहा कि ईरान और इज़राइल के बीच जारी युद्ध के कारण दुनिया भर में कई तरह के संकट पैदा हो गए हैं। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर आवश्यक वस्तुओं की कमी और आपूर्ति संकट के चलते हर देश चुनौतियों का सामना कर रहा है।
देशवासियों की ताकत और धैर्य पर हमें भरोसा है
पीएम मोदी ने विशेष रूप से भारत की स्थिति पर जोर देते हुए बताया कि, देश को बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस युद्ध प्रभावित क्षेत्रों से आयात करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि, सरकार हर संभव कदम उठा रही है ताकि आम नागरिकों, किसानों और परिवारों पर इस संकट का असर न्यूनतम रहे। पीएम मोदी ने कहा भारत इस संकट का पूरी शक्ति और तैयारी के साथ मुकाबला कर रहा है। देशवासियों की ताकत और धैर्य पर हमें भरोसा है।
युद्ध से कई देशों में संकट उत्पन्न हुआ है
उन्होंने इस दौरान यह भी स्पष्ट किया कि संकट के बावजूद भारत ने अपने तेज विकास को निरंतर बनाए रखा है। प्रधानमंत्री ने वैश्विक परिप्रेक्ष्य पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वेस्ट एशिया में युद्ध लगभग एक महीने से जारी है और इससे कई देशों में संकट उत्पन्न हुआ है। इसके प्रभाव से न केवल ऊर्जा की आपूर्ति प्रभावित हुई है, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी दबाव बढ़ा है।
भारत हर संकट का सामना करने में सक्षम
पीएम ने अपने संबोधन में आगे कहा कि, सरकार ने सुनिश्चित किया है कि इस संकट के समय भी भारत के आम परिवारों और किसानों पर बोझ न पड़े। इसके लिए आवश्यक रणनीतियाँ बनाई जा रही हैं और ऊर्जा आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था पर काम जारी है। प्रधानमंत्री ने अंत में देशवासियों से आह्वान किया कि वे धैर्य बनाए रखें और विश्वास रखें कि भारत हर संकट का सामना सक्षम तरीके से कर सकता है।