प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिडिल ईस्ट में बने हालात को लेकर चिंता व्यक्त की है। केरल में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में काम कर रहे लाखों भारतीयों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि खाड़ी देशों की सरकारें भी वहां रह रहे भारतीयों का विशेष ध्यान रख रही हैं।
संकट में भारतीयों को सुरक्षित निकालना सरकार की प्राथमिकता
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वेस्ट एशिया की मौजूदा स्थिति को देखते हुए लोगों का चिंतित होना स्वाभाविक है, क्योंकि बड़ी संख्या में भारतीय वहां रोजगार के लिए रहते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब भी कोई भारतीय नागरिक संकट में फंसता है, सरकार उसे सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि आज का भारत अपने नागरिकों को मुश्किल समय में कभी अकेला नहीं छोड़ता।
खाड़ी देशों का जताया आभार
पीएम मोदी ने खाड़ी देशों की सरकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और मदद के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न देशों में स्थित भारतीय दूतावास और मिशन 24 घंटे लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं। जरूरतमंदों को भोजन, चिकित्सा सुविधा, रहने की व्यवस्था और कानूनी मदद उपलब्ध कराई जा रही है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा वैश्विक संकट होने के बावजूद कांग्रेस इसमें भी राजनीति करने की कोशिश कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
आत्मनिर्भर भारत की आवश्यकता पर दिया जोर
पीएम मोदी ने कहा कि गल्फ क्षेत्र में चल रहे युद्ध ने एक बार फिर आत्मनिर्भर भारत की आवश्यकता को स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों में भारत तेजी से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कोरोना महामारी और यूक्रेन संकट के दौरान भी आत्मनिर्भरता का महत्व सामने आया था और मौजूदा हालात ने इसे फिर से साबित कर दिया है।
Comments (0)